आगरा। थाना जगदीशपुरा में दो दिन पूर्व घर से बहन के साथ मायके जा रही शिक्षिका के गले से चेन लूटने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटी हुई चेन और बाइक बरामद हुई है। न्यायालय ने उसे जेल भेजा है।
आनंदपुरम, शाहगंज निवासी सचिन दीक्षित ने 1 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया था कि दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी मां पुष्पा देवी अपनी मां के घर बालाजी पुरम के जोरावर नगर जा रही थीं। रास्ते में ऑटाे से उतरते समय एक बाइक सवार ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन तोड़ ली और भाग गया।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि सीसीटीवी और अन्य माध्यमों से जांच की गई। आरोपी थाना सदर के सुल्तानपुरा निवासी ओम प्रकाश कुशवाह को रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से लूटी चेन, मोबाइल और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है। आरोपी को न्यायालय ने जेल भेजा है।