आगरा में बेलनगंज के लेन गऊशाला में बुधवार की सुबह पुराने कुएं में गिरे पिल्ले को निकालने के लिए रस्सी बांधकर उतरा युवक डूब गया। युवक के कुएं में डूबने की जानकारी होने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस भी मौके पर पहुंची। तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। हालांकि जिस पिल्ले को बचाने के लिए वह कुएं में उतरा था वह बच गया।
बताया गया है कि घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। लेन गऊशाला निवासी विक्की (23) पुत्र जिनेंद्र जैन छात्र था। उसके पिता शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। गऊशाला में एक पुराना कुआं है। सुबह एक पिल्ला इस कुएं में गिर गया। आसपास के बच्चों ने विक्की को बताया तो वह पिल्ले को बचाने की जुगत में लग गया।
पहले तो उसे खींचने का प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिली तो रस्सियां बांधकर कुएं में उतर गया। इसी दौरान रस्सी टूटने से पानी में डूब गया। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
किसी तरह विक्की को बाहर निकाला गया मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं कुछ देर बाद पिल्ला सुरक्षित कुएं से बाहर आ गया। हादसे से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।