आगरा में सेंट जोंस चौराहा के निकट एक गली में रहने वाले आर्टिफिशियल ज्वैलरी कारोबारी विशेष मेड़तवाल (26) ने करवाचौथ से एक दिन पहले विषाक्त पदार्थ सेवन कर आत्महत्या कर ली। मृतक ने सुसाइड नोट में अपनी मौत के लिए पत्नी और ससुरालियों को जिम्मेदार ठहराया है। लोहामंडी पुलिस ने पत्नी सहित 11 ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन
मृतक के पिता श्रीकिशन ने बताया कि विशेष उनका इकलौता बेटा था। वह करवाचौथ पर पत्नी को घर बुलाना चाहता था, उसने कई बार फोन पर बात भी की थी। मगर, वह हर बार जेवर और हिस्सा लेकर घर आने का दबाव बनाती थी।
एक बार पत्नी को राजामंडी बाजार में खरीदारी करते हुए देखा था। करवाचौथ पर उसको न आता देख विशेष दो दिन से ज्यादा तनाव में था। इसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
विज्ञापन
मायके वाले देते थे जिंदगी में दखल
श्रीकिशन मेड़तवाल के बेटे विशेष का नमक की मंडी में आर्टिफिशयल ज्वैलरी का कारोबार था। पिता ने बताया कि नवंबर 2015 में बेटे की शादी नूरी दरवाजा निवासी महेश की बेटी रीतिका उर्फ मोहिनी से हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से रीतिका उनके बेटे विशेष का उत्पीड़न करती थी। मायके वाले परिवार में दखल देते थे। ससुरालीजन बेटे का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न कर रहे थे। कई बार दहेज के झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दे चुके थे।
14 अगस्त को रीतिका ने पिता महेश, बाबा सीताराम और चाचा गौरीशंकर को बुलाया। रीतिका परिवार से अलग रहने की जिद करने लगी। मना करने पर जेवर और नकदी लेकर पिता के साथ चली गई। ससुरालीजन धमकी देकर गए कि अगर, पुलिस से शिकायत की तो झूठा मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवा देंगे।
16 पन्ने का सुइसाइड नोट
शुक्रवार रात विशेष कमरे में सोने गया था। शनिवार सुबह 10 बजे तक वह कमरे से बाहर नहीं आया। इस पर मां मधु ने कमरे का गेट खटखटाया। खिड़की से झांककर देखा तो विशेष कमरे में पड़ा हुआ था। गेट की कुंडी तोड़कर परिजन अंदर गए। विशेष के मुंह से झाग निकल रहे थे।
उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को कमरे से 16 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है।
इंस्पेक्टर थाना लोहामंडी ने बताया कि पिता श्रीकिशन मेड़तवाल की तहरीर पर मृतक की पत्नी रीतिका, सास राधा, चाची अन्नू, सीताराम, अनिल, सुनील, राजेश, गौरीशंकर, गोविंद, कुनाल, अंशुल आदि 11 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
विशेष ने जो 16 पेज का सुसाइड नोट छोड़ा है, इसमें अंग्रेजी में लिखा है कि मुझे माफ करना मम्मी पापा। मैं ये दुनिया छोड़कर जा रहा हूं। रीतिका ने मुझे बहुत बड़ा धोखा दिया है। सबसे ज्यादा उसकी मां ने।
पता नहीं किस जनम का बदला लिया, जो मुझे इतना बदनाम कर दिया और अपनी ही बेटी का घर बिगाड़ दिया, इन्हें सजा मिलनी चाहिए। आई लव यू मम्मी पापा और जीजू.... (सुसाइड नोट में लिखे कुछ अंश)