आगरा में पिनाहट क्षेत्र के गांव पिढौरा में खेत की फसल काटने के विवाद में भाई ने भाई को गोली मार दी। गोली मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को आगरा के एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है।
बताया गया है कि पिनाहट के थाना पिढौरा निवासी शंकर लाल के दो पुत्र सत्य वीर और राम निवास ने दो बीघा खेत में पशुओं के लिए साझे में चरी की है। बुधवार को दोनों भाइयों के बीच खेत में खड़ी चरी को काटने को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों में गाली गलौज हुई। बड़ा भाई सत्यवीर घर चला गया और छोटा भाई रामनिवास खेत में अपने हिस्से की चरी काटने लगा।
आरोप है कि थोड़ी देर बाद वहां बड़ा भाई सत्यवीर पहुंचा और उसने अपने छोटे भाई रामनिवास पर तमंचा तान दिया। रामनिवास कुछ समझ पाता तब तक उसने फायर कर दिया। इसके बाद छोटे भाई को लहूलुहान अवस्था में छोड़कर भाग गया। गोली की आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग भी आ गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुची पुलिस ने घायल रामनिवास को आगरा में भर्ती कराया है। पुलिस ने बताया कि रामनिवास के बाएं हाथ में गोली लगी है। थानाध्यक्ष पिढौरा जय प्रकाश पाल का कहना है कि दोनों भाइयों में चरी काटने को लेकर विवाद हुआ उसके बाद बडे़ भाई ने छोटे भाई को गोली मार दी है। मामले की तहरीर आ गई है। जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।