हाईवे पर लेटकर यातायात को रोक दिया
- फोटो : अमर उजाला
21 जून को जहां देशभर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन चल रहा था, उसी समय मथुरा में किसानों ने सिर्फ एक आसन लगाकर ही प्रशासन के हाथ-पांव फुला दिए। आनन-फानन में पहुंची पुलिस किसान नेताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले आई जहां से बाद में छोड़ दिया गया।
किसान तमाम समस्याओं से जूझ रहा है। फसलों का वाजिब दाम मिल नहीं पा रहा। आलू की बेकदरी हो रही है। सिर से पांव तक कर्ज में डूब गया है किसान। लेकिन सरकार फिर भी काश्तकारों की समस्या का समाधान नहीं कर रही है। इसी को लेकर किसानों ने सरकार का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित करने का फैसला किया।
मंगलवार को ही किसानों ने अपने हालातों से सरकार को रूबरू कराने के लिए शवासन करने का एलान किया था। उन्होंने कहा था कि वे एक्सप्रेसवे और हाईवे पर लेटकर यातायात को रोकेंगे। तय कार्यक्रम के तहत मथुरा में सुबह हाईवे पर किसान पहुंच गए और उन्होंने हाईवे पर लेटकर यातायात को रोक दिया। यह देख पुलिस और प्रशासन के भी हाथ-पांव फूल गए। एक तो विश्वभर में योग दिवस का आयोजन चल रहा था वहीं किसानों के यूं हाईवे पर लेटने से बात बिगड़ सकती थी।
हालांकि किसानों की चेतावनी के चलते प्रशासन पहले से तैयार था। ऐसे में पहले तो हाईवे पर किसानों को मनाया गया लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस किसान नेताओं को बस में भरकर पुलिस लाइन ले आई। यहां से बाद में छोड़ दिया गया।