आगरा के खेरिया मोड़ पर मोबाइल लूट का विरोध करने पर बदमाश युवक को कई मीटर तक सड़क पर घसीटते ले गए। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आठ मोबाइल और बाइक बरामद कर ली।
आगरा के थाना शाहगंज के खेरिया मोड़ क्षेत्र में युवक से मोबाइल लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से छीने हुए आठ मोबाइल और बाइक बरामद की गई है।
विज्ञापन
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि शाहगंज थाने में बुधवार को युवक ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया था कि सुबह वह कमलानगर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर तीन युवक आए और उनका मोबाइल छीनने लगे। मोबाइल नहीं छोड़ा तो आरोपी कई मीटर तक घसीटते ले गए।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी और अन्य माध्यम से तलाश की। बारहखंभा डबल फाटक के पास से एक नाबालिग, उसके साथी जगजीवन नगर निवासी शिवम चौहान और पंचकुइयां रोड निवासी अमित गौतम को पकड़ा गया। उनका एक साथी गौरव भागने में सफल रहा। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को जेल भेजा है। नाबालिग को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।