आगरा में शुक्रवार को एनएच 2 पर एक और हादसा हो गया। इसमें बाइक सवार युवक की टैंकर से कुचलने से मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
बताया गया कि दिलीप निवासी राजस्थान अपनी पत्नी नीतू और बच्चे के साथ बाइक से अपनी ससुराल आगरा-टूंडला मार्ग पर स्थित गांव टीकरी जा रहे थे। शाम करीब साढ़े चार बजे जब उनकी बाइक आगरा में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम कार्यालय के सामने से गुजर रही थी। तभी पीछे से आए टैंकर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टैंकर की चपेट में आने के बाद दिलीप की पत्नी और बच्चा गिर पड़े। टैंकर दिलीप को घसीटते हुए ले गया। इस उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंचे दिलीप के साले रिपेंद्र ने बताया कि उनके जीजा टाटा स्टील में कार्य करते थे। दिल्ली से आ रहे थे।
हादसे के बाद एनएच 2 पर वाहनों का आवागमन एक दम ठप हो गया। इससे काफी लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।