नरेंद्र पुरवंशी और उसकी पत्नी कमला का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
आगरा जिले के थाना जैतपुर क्षेत्र में अपनी सुसराल आए युवक ने पत्नी की हत्या कर फांसी लगाकर जान दे दी। शनिवार की सुबह दोनों के शव कमरे में मिले। महिला का शव फर्श पर पड़ा था। जबकि युवक का शव फंदे से लटका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मध्यप्रदेश के भिंड जिले के अटेर निवासी नरेंद्र पुरवंशी (32) शुक्रवार को पत्नी कमला (30) के साथ आगरा में दवा लेने आया था। आगरा से लौटने के बाद वह जैतपुर के गुड़ियाना स्थित अपनी ससुराल में रुक गया। शनिवार की सुबह दोनों के शव कमरे में मिले। कमला के मायके वालों ने पुलिस की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दंपती के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कमला का शव फर्श पर पड़ा था। गले में फंदा बंधा था। नरेंद्र का शव फंदे से लटका था। एसओ जैतपुर योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पत्नी की हत्या के बाद पति ने खुदकुशी की है। घटना की जांच की जा रही है।
कमला के मायकवालों के अनुसार कमला की शादी 12 साल पहले नरेंद्र पुरवंशी के साथ हुई थी। दोनों चार बच्चे हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि नरेंद्र पुरवंशी मानसिक रूप से बीमार था। गुडियाना में झाड़-फूंक कराने के चक्कर में रुका था। किसी को क्या पता था कि वह आत्मघाती कदम उठा लेगा।