तीन साल पहले नौकरी लगवाने के लिए दिए चार लाख रुपये वापस न मिलने पर युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले वह रुपये मांगने गया था। युवक घर में कमरे का दरवाजा बंद करके गले में साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटका मिला। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर शव को उतारा।
भैंस बहोरा निवासी नरेश (30) पुत्र गंगा ने तीन साल पहले नौकरी लगवाने के लिए थाना हाईवे क्षेत्र के एक गांव के दो लोगों को चार लाख रुपये दिए थे। बीएससी कर चुके युवक ने कई बार रकम वापस मांगी, पर हर बार निराशा ही हाथ लगी।
मंगलवार को युवक फिर रकम मांगने के लिए गया, लेकिन रकम नहीं मिली। घर आकर युवक ने कमरे के दरवाजे को अंदर से बंद करके पंखे पर लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उतारा और अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।