रेस्टोरेंट में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का आरोपी निर्मल गोयल
- फोटो : अमर उजाला
आगरा की थाना सिकंदरा पुलिस ने रेस्टोरेंट में निवेश के नाम पर लोगों से 37 लाख की धोखाधड़ी करने के आरोप में निर्मल गोयल को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपी ने तीन लोगों से रकम लेने के बाद हड़प ली थी। रकम वापस मांगने पर धमकी दे रहा था। इस मामले में थाना सिकंदरा में केस दर्ज कराया गया था।
आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 16 निवासी दाऊदयाल अग्रवाल ने सात जुलाई को मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें निरमा भार्गव, मनीष भार्गव, निर्मल गोयल और राजेंद्र प्रसाद गोयल को नामजद किया। आरोप था कि आरोपियों ने सिकंदरा रोड पर कारगिल चौराहे पर एक रेस्टोरेंट में निवेश का आश्वासन दिया।
इन लोगों से ठगे रुपये
इसके लिए वादी दाऊदयाल और उनकी पत्नी से 12 लाख रुपये अलग-अलग तारीखों में ले लिए। उनके रिश्तेदार और परिचितों को भी रेस्टोरेंट में निवेश करने पर मोटा मुनाफा बताया। इसके बाद सेक्टर एक निवासी योगेश कुमार से 15 लाख रुपये और सेक्टर चार निवासी कनक अग्रवाल से दस लाख रुपये ले लिए।