मैनपुरी। विकास कार्यों के आधार पर प्रदेश स्तर से जारी होने वाली रैंकिंग में मैनपुरी फिसल गया है। प्रदेश के 75 जिलों में मैनपुरी को 70वां स्थान मिला है। ये रैंकिंग मार्च की समीक्षा के आधार पर जारी की गई है। सीएमओ कार्यालय से प्रपत्रों की फीडिंग में लापरवाही से जिले की रैंकिंग को झटका लगा है। इसके लिए प्रशासन ने सीएमओ और जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को नोटिस जारी किया है।
प्रत्येक माह कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा जिलों में विकास कार्यों की समीक्षा की जाती है। इसके आधार पर प्रदेश में जिलों की रैंकिंग जारी की जाती है। मंगलवार को मार्च माह के आधार पर जिलेवार रैंकिंग जारी की गई।
इस रैंकिंग में मैनपुरी को 75 जिलों में 70वां स्थान मिला है। कुल 335 अंकों में से जिले को 256 अंक ही मिले हैं। हालांकि फरवरी में जारी रैंकिंग में मैनपुरी को 53वां स्थान मिला था लेकिन एक माह में जिले की रैंकिंग 17 पायदान नीचे खिसक गई।
रैंकिंग में गिरावट सीएमओ कार्यालय द्वारा 16 प्रपत्र ऑनलाइन फीड न किए जाने के कारण हुई है। है। मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके पांडेय को प्रपत्रों की फीडिंग न करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। वहीं जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रशांत कुमार को भी नोटिस जारी कर अनुश्रवण में लापरवाही करने की बात कही गई है।
----
28 विभागों को 106 प्रपत्र करने होते हैं फीड
प्रत्येक माह कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा जिले के 28 विभागों से कुल 106 प्रपत्र ऑनलाइन भरवाए जाते हैं। इन प्रपत्रों को भरने के लिए अगले माह की 20 तारीख तक समय मिलता है। मार्च माह के लिए जिले ने 106 प्रपत्रों में से केवल 90 प्रपत्र ही ऑनलाइन भरे। 16 प्रपत्र सीएमओ कार्यालय से नहीं भरे गए।
----
आगरा मंडल को भी लगा झटका
शासन द्वारा जारी जिलेवार के साथ-साथ मंडलवार रैंकिंग में आगरा मंडल को भी झटका लगा है। आगरा मंडल को 18 मंडलों में 14वां स्थान मिला है। यदि जिलों की अगर बात करें तो मथुरा को 64वां, आगरा को 44वां और फिरोजाबाद को 32वां स्थान मिला है।