मैनपुरी जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के एवज में रिश्वत मांगने वाले डूडा के कर्मचारी पर आज तक कार्रवाई नहीं हुई है। पूरे प्रकरण में जहां सत्ता पक्ष खामोश है, वहीं सपा सांसद ने विरोध का एलान कर दिया है।
जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के बदले में लाभार्थी से 40 से 50 हजार रुपये वसूले जा रहे हैं। धन उगाही का आरोप डूडा कार्यालय में तैनात प्राइवेट कर्मचारी दिलीप पटेल पर लगा। सप्ताह भर पहले लाभार्थी महिला से रुपये मांगने का उनका ऑडियो भी वायरल हुआ है।
समीक्षा बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने रिश्वत मांगने का एक वीडियो भी प्रभारी मंत्री गिरीशचंद्र यादव सहित उपस्थित अधिकारियों को दिखाया। बावजूद इसके आरोपी कर्मचारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
'आरोपी पर हो कार्रवाई'
इस मामले पर सपा सांसद तेजप्रताप सिंह यादव ने कहा कि जिलाधिकारी से पूरे मामले की जानकारी ली जाएगी। प्रशासन को दोषी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर इस प्रकरण में कार्रवाई नहीं हुई तो सपा केंद्र और प्रदेश सरकार को घेरने का काम करेगी। जरूरत पड़ी तो संसद और विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया जाएगा।
जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) में तैनात तीन कर्मचारियों को रिश्वत लेने के आरोप में हाल ही में बर्खास्त किया गया है। इसमें अवर अभियंता पंकज राय और सर्वेयर ललित कुमार व शिवकुमार दुबे शामिल हैं।
वहीं रिश्वत मांगने का वीडियो और ऑडियो वायरल होने तथा प्रभारी मंत्री गिरीशचंद्र यादव के निर्देश के बाद भी सिटी मिशन मैनेजर पद पर तैनात दिलीप पटेल पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसी स्थिति में अफसरों की छवि भी धूमिल हो रही है। कहीं न कहीं लाभार्थी इसके लिए अफसरों को भी जिम्मेदार ठहराने लगे हैं।
सपा सांसद तेजप्रताप ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है, प्रशासन को रिश्वत मांगने वाले कर्मचारी पर कार्रवाई करनी चाहिए। सपा इस मुद्दे को गंभीरता से लेगी और गरीबों के हक पर डाका नहीं पड़ने देगी।
वहीं भाजपा विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं को पारदर्शी तरीके से लागू कराना अफसरों की जिम्मेदारी है। कार्रवाई क्यों नहीं हुई इस संबंध में डीएम से जानकारी ली जाएगी। दोषी को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।