बेवर। नगला सुदामा में बृहस्पतिवार की शाम मिट्टी खोद रहे किसान पर ढाय पलट गई। जब तक आसपास के लोगों ने बाहर निकाला, तब तक किसान की मौत हो चुकी थी। परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया।
थाना क्षेत्र के गांव नगला सुदामा निवासी गरीब किसान राजवीर सिंह (48) बृहस्पतिवार की शाम को घर की लिपाई करने के लिए गांव स्थित खेत पर गया था। मिट्टी खोदने के दौरान उस पर ढाय पलट गई। वह मिट्टी के नीचे दब गया, वहां मौजूद लोगों ने मिट्टी को हटाने के बाद राजवीर को बाहर निकाला, मगर तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन रोने बिलखने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी भेजा। मृतक के पुत्र ने थाने में तहरीर दी है।