मैनपुरी। शहर के मोहल्ला चौथियान में मंगलवार शाम छत पर मक्का सुखाने के दौरान वृद्ध सिर के बल खेत में जा गिरे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया। हादसे के बाद घर में मातम छाया है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौथियान के रहने वाले 60 वर्षीय विनोद कुमार उर्फ विनीत मंगलवार शाम को छत सुखाने के लिए डाली गई मक्का देखने गए थे। उनके साथ पुत्र निखिल वर्मा भी थे। मक्का फैलाने के दौरान अचानक विनोद का पैर फिसल गया और वह मुंडेर विहीन छत से नीचे घर के पीछे खेत में जा गिरे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया।