करहल। करहल कस्बे में स्थित न्यू आशा हॉस्पिटल में सिजेरियन प्रसव के बाद 32 वर्षीय महिला की आगरा के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत होने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को दौड़ लगाई। न्यू आशा हॉस्पिटल को सीज कर दिया। इसके अलावा दो अन्य अस्पताल भी सीज किए। इनमें दिव्यांशी हॉस्पिटल और राधा हॉस्पिटल भी शामिल रहा। इन तीनों के पास पंजीकरण मान्य नहीं पाया गया। बिना पंजीकरण रिन्यूअल के इनको संचालित किया जा रहा था।
बता दें कि कुर्रा थाना क्षेत्र के भटोहा गांव निवासी रविकांत उर्फ रवि की पत्नी नंदिनी को प्रसव पीड़ा होने पर 29 जुलाई को करहल स्थित न्यू आशा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। शाम को सिजेरियन प्रसव के बाद नंदिनी ने एक पुत्री को जन्म दिया, लेकिन ऑपरेशन के कुछ ही देर बाद उन्हें अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। हालत बिगड़ते देख, डॉक्टर स्वयं नंदिनी को परिजन के साथ मेडिकल कॉलेज सैफई ले गए। वहां से गंभीर हालत बताकर उन्हें रेफर कर दिया गया। इसी बीच डॉक्टर वहां से फरार हो गया। परिजनों ने नंदिनी को आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार सुबह उनकी मृत्यु हो गई। डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी पंजीकरण डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यह न्यू आशा हॉस्पिटल, राधा हॉस्पिटल और दिव्यांशी हॉस्पिटल को सीज किया गया है।