मैनपुरी। शहर की सड़कों पर हर रोज जाम लग रहा है। इसका मुख्य कारण अतिक्रमण है। पिछले माह नगर पालिका और पुलिस की टीम ने अतिक्रमण को हटाया था। इसके बाद फिर से अब सड़कों पर अतिक्रमण हो गया है।
शहर के गोला बाजार, बड़ा बाजार, क्रिश्चियन तिराहा, कचहरी रोड, आश्रम रोड, मदार दरवाजा, ज्योंति तिराहा, करहल चौराहा पर हर रोज दिन में जाम की स्थिति रहती है। दोपहिया वाहन चालकों तक का निकलना दुश्वार हो जाता है। यहां जाम की समस्या का सबसे बड़ा कारण अतिक्रमण है। इसे करने वालों को पिछले दिनों एसपी गणेश प्रसाद साहा ने चेताया भी था। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटा और जाम की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ई-रिक्शा संचालन का भी रूट नहीं हो सका तय
परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की ओर से पिछले दिनों प्लान तैयार किया था कि ई-रिक्शा संचालन के लिए रूट निर्धारित किए जाएं। दरअसल, यह भी जाम के सबसे बड़े कारक हैं। प्लान के तहत पहला मार्ग भांवत चौराहा, क्रिश्चियन तिराहा, ईशन नदी पुल होगा। वहीं, दूसरा मार्ग क्रिश्चियन तिराहा, करहल चौराहा और ज्योंति तिराहा होगा। तीसरा मार्ग करहल चौराहा, क्रिश्चियन तिराहा और भांवत चौराहा होगा। इन सभी मार्गों पर संचालन के लिए ई-रिक्शाओं की संख्या तय की जाएगी। इसके अलावा मार्ग के अनुसार कलर कोड या फिर नंबर सिस्टम लागू किया जाएगा, ताकि जो ई-रिक्शा जिस मार्ग के लिए अधिकृत है। वह उसी पर चले। मगर, इस प्लान को कागजों से अभी तक बाहर नहीं निकाला गया है।
अतिक्रमण और जाम की समस्या से निपटने के लिए काम किया जा रहा है। नगर पालिका का सहयोग लेकर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
- प्रदीप सिंह सेंगर, ट्रैफिक निरीक्षक