करहल। थाना क्षेत्र के अध्यापक नगर में नवविवाहिता प्रिया की मौत के मामले में मायके पक्ष ने संगीन आरोप लगाए हैं। आरोप है कि दहेज में कार न मिलने पर ससुरालियों ने उसकी हत्या की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मृतका के पिता धर्मवीर निवासी सरसई मासूमपुर ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी प्रिया की शादी अध्यापक नगर निवासी आकाश पुत्र अनार सिंह के साथ 1 मार्च 2025 को की थी। धर्मवीर का आरोप है कि उनकी बेटी का पति आकाश, ससुर अनार सिंह, सास तारा देवी, जेठ रोहित, जेठानी ज्योति और देवर विकास दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वे लगातार दहेज में चार पहिया गाड़ी और अध्यापक नगर कॉलोनी स्थित एक प्लॉट अपने नाम करने की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उन्होंने प्रिया के इकलौते भाई को मार देने की धमकी भी दी। जब मांग पूरी करने में अपनी असमर्थता जाहिर की, तो प्रिया के ससुराल वालों ने उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न शुरू कर दिया।
प्रिया ने मृत्यु से पहले मां को किया आखिरी फोन
पिता ने बताया कि 7 जुलाई को शाम लगभग 4:10 बजे प्रिया ने अपनी सास तारा देवी के मोबाइल नंबर से अपनी मां शशि को फोन किया। करीब 27 मिनट की इस बातचीत में प्रिया ने अपनी मां को बताया कि वह बहुत दुखी है, उसका एलसीडी और फोन तोड़ दिया गया है, और उसके साथ मारपीट की गई है। प्रिया ने यह भी बताया कि ससुराल वाले उसके आधार कार्ड पर लोन लेने के लिए ओटीपी मांग रहे थे, जिसके लिए उसने मना कर दिया। रोते हुए प्रिया ने अपनी मां से थोड़ी देर बाद सास के नंबर पर दोबारा फोन करने को कहा। लगभग एक घंटे बाद, आकाश ने धर्मवीर को फोन कर बताया कि प्रिया सैफई अस्पताल में है और बहुत गंभीर है। वह पत्नी के साथ सैफई अस्पताल पहुंचे, जहां उबेटी को मृत पाया।
शव छोड़कर भागे ससुराल वाले
धर्मवीर ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी प्रिया के शव को को छोड़कर उसकी ससुराल वाले भाग गए। प्रिया का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम सैफई अस्पताल में हुआ है। पिता ने अपनी बेटी का शव सुपुर्दगी में लेकर अपने गांव सरसई मासूमपुर में अंतिम संस्कार किया। थाना इंस्पेक्टर एमएस भाटी ने बताया कि पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर सभी छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।