मैनपुरी। कस्बा घिरोर क्षेत्र में आपराधिक कृत्यों के चलते डीएम कोर्ट के आदेश के बाद एक अपराधी को छह माह के लिए जिलाबदर किया गया है। पुलिस ने गाजेबाजे के साथ जिला बदर को जनपद की सीमा से चेतावनी देकर बाहर भेजा।
प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह ने बताया कि नगला भागीरथ निवासी अशोक उर्फ छोटू के खिलाफ थाने में जानलेवा हमला सहित 5 मुकदमे दर्ज हैं। आपराधिक कृत्यों के चलते जिलाधिकारी की ओर से उसके खिलाफ जिला बदर किए जाने की कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। आदेश पर अमल करते हुए बुधवार को आरोपी अशोक उर्फ छोटू को उसके गांव से पकड़ने के बाद जिला बदर किया गया। बैंडबाजे के साथ ग्रामीणों की मौजूदगी के बीच उसे जनपद की सीमा से बाहर भेजा गया है। चेतावनी दी गई है कि 6 माह की जिला बदर अवधि में वह जिले की सीमा में नजर आया तो मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा।