नवोदय छात्रा की कथित हत्या और दुष्कर्म के मामले की जांच कर रही एसआईटी आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री के पुत्र अंकुर अग्निहोत्री का नार्को टेस्ट कराएगी। एसआईटी के सदस्य एएसपी ज्ञानेंद्र नाथ के आवेदन पर सुनवाई करने के बाद स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट पूनम ने अनुमति दे दी है। इसके बाद एक बार फिर नवोदय कांड सुर्खियों में आ गया है।
भोगांव के जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा 11 की छात्रा की 16 सितंबर 2019 को मौत हो गई थी। छात्रा का शव हॉस्टल में फंदे पर लटका मिला था। छात्रा के माता-पिता ने दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पोस्टमार्टम के दौरान तैयार की गई स्लाइड जांच में छात्रा के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। इस मामले में एसआईटी टीम जांच कर रही है।
गुरुवार को एसआईटी टीम के सदस्य एएसपी ज्ञानेंद्र नाथ ने स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट पूनम की कोर्ट में आबकारी मंत्री के बेटे अंकुर अग्निहोत्री का नार्को टेस्ट कराने के लिए आवेदन किया। अभियोजन का पक्ष रखते हुए संयुक्त निदेशक अभियोजन डीके मिश्रा तथा सहायक शासकीय अधिवक्ता अनूप कुमार यादव ने नार्को टेस्ट कराने की अनुमति मांगी। स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट पूनम ने अभियोजन पक्ष की दलीलों से सहमत होकर अंकुर अग्निहोत्री का नार्को टेस्ट कराने की अनुमति दे दी है।
आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री के पुत्र और उनके प्रतिनिधि अंकुर अग्निहोत्री ने गुरुवार की शाम को अपने आवास पर पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि उनको राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। जब से घटना हुई उनका नाम कहीं नहीं था। फरवरी 2022 में एसआईटी ने उनका नाम अचानक शामिल कर दिया। उनका इस वारदात से कोई लेना-देना नहीं है।
पुलिस को दिए गए बयानों में उनका नाम नहीं था। एसआईटी जांच के लिए जहां बुलाएगी वहां जाऊंगा। एसआईटी जो भी टेस्ट कराना चाहती है उसके लिए मैं तैयार हूं। मामले का पारदर्शी तरीके से खुलासा होना चाहिए। हम पीड़ित परिवार की मदद को तैयार हैं। नार्को टेस्ट के लिए मैंने खुद न्यायालय में अपनी सहमति दी है।