उपचुनाव की तैयारी में जुटे महिला मोर्चा
- भाजपा जिलाध्यक्ष ने बैठक में समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। करहल विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों को भी उपचुनाव के लिए संगठन द्वारा जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। करहल में 13 सितंबर को महिला मोर्चा का जिला स्तरीय सम्मेलन होगा।
जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी ने कहा कि जब आजमगढ़ और रामपुर जीता जा सकता है तो करहल जीतना बहुत आसान है। सपा के गुंडाराज को लोग आज भी याद करके सहम जाते हैं। सपा सरकार में अपराध चरम पर थे। महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं। भाजपा सरकार में अपराधियों का जहां ठिकाना है उनको वहीं भेजा जा रहा है। करहल विधानसभा के उपचुनाव में इस बार भाजपा ही जीतेगी।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष साधना तिवारी ने कहा कि उपचुनाव के लिए महिला पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उनको प्रवासी और प्रभारी भी बनाया गया है। विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को जागरूक करने के लिए 13 सितंबर को करहल में भाजपा महिला मोर्चा का सम्मेलन होगा। ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष सीमा चौहान, प्रदीप तिवारी, समित चौहान, संगीता सिंह रावत, कुंती राठौर, शीतल चौहान, शीला जाटव, उमा दुबे मौजूद रहे।