सिंधुनगरी महोत्सव में 19 मार्च को पार्वती घाट पर महोत्सव का भूमि पूजन और यमुना महाआरती का आयोजन किया जाएगा। 20 मार्च को शहर के विभिन्न स्थानों से मोहल्ला पंचायतों की प्रज्ज्वलित ज्योतियों का सामूहिक विसर्जन पार्वती घाट पर किया जाएगा।
आगरा में राष्ट्रीय सिंधी महासंघ की ओर से भगवान झूलेलाल जयंती पर 28वां सिंधुनगरी महोत्सव 20 मार्च को बल्केश्वर स्थित पार्वती घाट पर श्रद्धाभाव से आयोजित किया जाएगा। यहां यमुना नदी में शहर के विभिन्न क्षेत्रों की मोहल्ला पंचायते भगवान झूलेलाल की ज्योतियों का सामूहिक विसर्जन करेंगी। शुक्रवार को बल्केश्वर स्थित एक रेस्तरां में पदाधिकारियों ने महोत्सव के आमंत्रण पत्र का विमोचन कर जानकारी दी।
विज्ञापन
अध्यक्ष महेश सोनी एडवोकेट ने बताया कि महासंघ पिछले 27 वर्षों से आगरा शहर के विभिन्न मंदिरों और धर्मशालाओं में प्रज्ज्वलित भगवान झूलेलाल की ज्योतियों का सामूहिक विसर्जन सिंधुनगरी में किया जाता रहा है। 19 मार्च को पार्वती घाट पर महोत्सव का भूमि पूजन और यमुना महाआरती का आयोजन किया जाएगा। मनोहरलाल हंस ने बताया कि 20 मार्च को शहर के विभिन्न स्थानों से मोहल्ला पंचायतों की प्रज्ज्वलित ज्योतियों का सामूहिक विसर्जन पार्वती घाट पर किया जाएगा। संत साई सतरामदास और संत साई कंवरराम का भव्य दरबार भी सजाया जाएगा।
संरक्षक जितेंद्र त्रिलोकानी ने बताया कि महोत्सव में इस बार सिंधु नगरी का भव्य रूप दिखाई देगा। राजस्थान और मध्य प्रदेश के कलाकार अपनी मधुर वाणी से भगवान झूलेलाल और संत कंवर साहिब के भजनों की प्रस्तुति देंगे। बताया कि समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सिंधुरत्न और सिंधुगौरव सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष नंदलाल आसवानी, जितेंद्र सोमानी, खेमचंद तेजानी, राजेश इसरानी, राजकुमार हंसानी, राजेन्द्र रामरख्यानी, दीपक आसवानी, किशोर कर्मचंदानी, कमल जुम्मानी आदि मौजूद रहे।