ताजमहल के रेड जोन की सुरक्षा संभाल रहे सीआईएसएफ के जवानों के हाथों में कानपुर में बनाई गई नई जेवीपीसी कारबाइन नजर आएगी। देश में सबसे पहले यह स्वदेशी कारबाइन ताजमहल की सुरक्षा के लिए जवानों को दी गई है।
लघु शस्त्र निर्माणी, कानपुर (एसएएफ) और एआरडीई पुणे ने ज्वाइंट वेंचर प्रोटेक्टिव कारबाइन (जेवीपीसी) को तैयार किया है। शनिवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कमांडेंट ब्रजभूषण को 100 कारबाइन की पहली खेप कानपुर में हुए हस्तांतरण समारोह में सौंपी गई।
एसएएफ महाप्रबंधक संजय पटनायक ने सीआईएसएफ को 100 कारबाइन की पहली खेप सौंपने के बाद बताया कि एसएएफ हर साल 10 हजार कारबाइन तैयार कर सकता है। हस्तांतरण समारोह के दौरान एजीएम अजय सिंह, तुषार त्रिपाठी, ज्वाइंट जीएम आरके मीणा आदि मौजूद रहे।