आगरा के बाह क्षेत्र में ग्रामीणों ने उस पागल कुत्ते को मारा डाला, जिसके काटने से रुदमुली गांव निवासी 10 साल के नैतिक भदौरिया की मौत हो गई थी। नैतिक को डेढ़ महीने पहले कुत्ते ने काट लिया था, लेकिन उसने परिवार को यह बात नहीं बताई थी। जीभ लपलपाने व अन्य के लक्षणों के बाद घरवालों को पता चला था।
रुदमुली के अरविंद भदौरिया के बेटे नैतिक को इलाज के लिए आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने और नैतिक के जीभ लपलपाने के साथ अजीब आवाज करने पर परिजन उसे लेकर एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जांच के बाद चिकित्सकों ने घरवालों को रेबीज के संक्रमण की जानकारी दी।
उपचार के दौरान हो गई थी नैतिक की मौत
तब परिजन को पता चला कि नैतिक को डेढ़ महीने पहले पागल कुत्ते ने काट लिया था। डांट के डर से उसने परिजन को नहीं बताया था। मंगलवार को उपचार के दौरान नैतिक की मौत हो गई थी। नैतिक जरार के एआर आदर्श स्कूल में चौथी कक्षा का छात्र था। नैतिक की मौत के बाद परिवार सदमे में है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिस कुत्ते ने नैतिक का काटा था, उसी ने रुदमुली के श्रीकृष्ण के 12 साल के बेटे अमन को भी काट लिया। वह घर से दुकान पर सामान लेने गया था। बुधवार की सुबह उसी कुत्ते ने अमन के छोटे भाई राम को काट लिया। दोनों बच्चों को परिजन इलाज के लिए बाह सीएचसी पर ले पहुंचे। उधर, गुस्साए ग्रामीणों ने पागल कुत्ते को पीटकर मार डाला।