आगरा के एक ज्वैलर्स को चांदी व्यापार में मुनाफे का लालच देकर 30 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। मामले में पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आगरा में अमन ज्वैलर्स के मालिक मनोज कुमार वर्मा ने डीसीपी सिटी से शिकायत में एनजे ट्रेडर्स के प्रोपराइटर अमन गुप्ता, रविंद्र कुमार गुप्ता और नीरज गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी कर 30 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। आरोप है कि उन्होंने फर्जी बिल और कूटरचित दस्तावेज से ठगी करने का आरोप लगाया है। शिकायत पर हरी पर्वत पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि फरवरी 2023 में आरोपियों ने चांदी के व्यापार में बड़ा लाभ कराने का लालच दिया। उनसे कुल 30 लाख एक हजार रुपये चेक और बैंक के माध्यम से ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने फर्जी बिल तैयार कर लिए और 20 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। तय अनुसार चांदी नहीं दी।
आरोपियों ने पुराने चेकों और फर्जी दस्तावेजों के जरिये रकम भी हड़प ली। मनोज कुमार ने बताया कि उन्होंने कई बार राशि की वसूली का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने बहाना बना दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। थाने में शिकायत की, लेकिन रिपाेर्ट नहीं लिखी। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि पीड़ित के आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में कर रही है।