किरावली। महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर वितरित होने वाले टेक होम राशन (टीएचआर) की गुणवत्ता जांचने के लिए लखनऊ से आई एनआरएलएम टीम ने ब्लॉक अछनेरा क्षेत्र के गांव पुरामना के पास स्थित उत्तम पुष्टाहार प्लांट का निरीक्षण किया। टीम ने पुष्टाहार के निर्माण से लेकर पैकेजिंग, भंडारण और वितरण तक की व्यवस्थाओं को परखा।
डीसी एनआरएलएम प्रेम चंद ने बताया कि निरीक्षण के दौरान टीम ने प्लांट में इस्तेमाल किए जा रहे कच्चे माल की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली। तैयार पुष्टाहार के नमूने भी लिए गए, जिन्हें निर्धारित मानकों के अनुसार जांचा जाएगा। टीम ने संबंधित अधिकारियों और प्लांट प्रबंधन को गुणवत्ता मानकों का लगातार पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एनआरएलएम टीम ने कहा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को उपलब्ध कराए जाने वाले पुष्टाहार की गुणवत्ता महत्वपूर्ण है। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। आगरा जिले में टीएचआर के छह सेंटर संचालित हैं। इनमें फतेहपुर सीकरी, अछनेरा, खंदौली, शमसाबाद और बरौली अहीर समेत अन्य केंद्र शामिल हैं। टीम में अभिजीत सिंह मूल्यांकन प्रभाग, पुष्पेंद्र कुमार यादव एकाउंटेंट असिस्टेंड, मनीष सिंह शामिल रहे।