लूट के खुलासे की जानकारी देते एसएसपी बबलू कुमार व अन्य पुलिस अफसर
- फोटो : अमर उजाला
सैंया कस्बे में 20 लाख रुपये के सरसों के तेल से लदा ट्रक धौलपुर के गैंग ने लूटा था। पुलिस ने सरगना सहित नौ बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे लूटे गए ट्रक और माल की भी बरामदगी की है।
ये भी पढ़ें: कार सवार बदमाशों ने 20 लाख के सरसों के तेल से लदा ट्रक लूटा, जानिए कहां हुई वारदात
सैंया में रेलवे ओवरब्रिज के पास पांच अक्तूबर की रात को अग्रसेन आयल मिल भरतपुर से झारखंड ले जाए जा रहे सरसो के तेल के 1400 टिन और 200 कार्टन से लदे ट्रक को बोलेरो सवार छह बदमाशों ने लूट लिया था।
चालक इलियास अंसारी और सहायक रहमत अंसारी को बदमाश शमसाबाद क्षेत्र में छोड़कर चले गए थे। माल की कीमत तकरीबन 20 लाख रुपये थी।
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि वारदात को धौलपुर के बदमाश विजेंद्र उर्फ पप्पू पुत्र सोबरन सिंह ने अंजाम दिया था। वारदात में शामिल विजेंद्र सहित नौ बदमाशों को मोहनपुर की पुलिया के पास खेरागढ़-इरादतनगर मार्ग से गिरफ्तार किया है।
उनसे 1110 टिन सरसों तेल, 200 कार्टन बोतल बंद तेल, लूटा गया ट्रक, बोलेरो, एक अन्य ट्रक, आठ मोबाइल, तीन तमंचे बरामद कर लिए गए हैं। एसएसपी ने बताया कि बदमाश ट्रक को लूटने के बाद एटा ले गए थे।
माल को अपने साथियों को दे दिया था। एक जगह सौदा नहीं पट सका था। वारदात में 15 बदमाश शामिल थे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी टीम लगी है। बदमाश माल को बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस को भनक लग गई और आरोपियों को पकड़ लिया।