मैनपुरी। कोतवाली के पास शुक्रवार दोपहर बाइक सवार बदमाश एक महिला का पर्स छीन कर भाग गए। महिला फाफी दूर तक उनके पीछे भी भागी, लेकिन बदमाश तब तक काफी दूर जा चुके थे। पीड़िता फर्रुखाबाद की रहने वाली है। समाचार लिखे जाने तक कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
जानकारी के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद की रहने वाली सृष्टि बाथम बृहस्पतिवार को मैनपुरी अपने किसी रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने आई थी। दोपहर करीब एक बजे वह देवी रोड से राजा का बाग होते हुए ई-रिक्शा में बैठ कर कोतवाली के सामने पहुंची। वहां से पैदल क्रिश्चियन मैदान से होते हुए स्टेशन रोड स्थित एक मैरिज होम के लिए निकली। वह कुछ दूर ही पहुंची थी, तभी पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसके हाथ में पकड़ा पर्स छीन लिया और भाग गए।
महिला ने बदमाशों के पीछे कुछ दूर तक दौड़ भी लगाई, लेकिन तब तक बदमाश नजरों से ओझल हो चुके थे। महिला से जब पूछा गया कि पर्स में कितने रुपये थे, तो वह बिना कोई जानकारी दिए ही स्टेशन रोड की ओर चली गई। प्रभारी निरीक्षक भानू प्रताप सिंह ने बताया कि इस संबंध में तहरीर कोतवाली में नहीं दी गई है।