मैनपुरी। मंडी गेट चौकी पुलिस ने कुछ दिन पूर्व आगरा रोड बाईपास पर हुई लूट का खुलासा करते हुए दो लुटेरों को तमंचा कारतूस के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया है। लूटी गई सोने की चेन, रुपये और मोबाइल भी बरामद किए गए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के क्रिश्चियन तिराहे के पास निवास कर रहे नितिन गुप्ता 24 सितंबर को बाइक से कहीं जा रहे थे। तभी आगरा बाईपास रोड स्टेडियम के पास बाइक सवार दो लुटेरों ने तमंचा के बल पर सोने की चेन, मोबाइल व कुछ रुपये लूट लिए थे। वारदात के बाद पीड़ित की ओर से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
मामले की जांच कर रहे चौकी प्रभारी सोनवीर सिंह ने शनिवार को सिरसागंज चौराहा के पास दो युवकों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो तमंचे व कारतूस मिले। पूछताछ में दोनों ने नितिन गुप्ता से लूट की वारदात कबूल की। पुलिस ने लूटी गई सोने की चेन, मोबाइल की बरामदगी कर दोनों को जेल भेज दिया।