कोसीकलां (मथुरा)। मथुरा से किराए पर टेंपो लेकर आए बदमाशों ने शाहपुर रोड पर चालक की पिटाई कर टेंपो लूट के मामले कर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से टेंपो बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया।
गांव बदनगढ़ बरसाना निवासी रोहताश टेंपो चलाता है। शुक्रवार की रात वह मथुरा के गोवर्धन चौराहे पर खड़े था। तभी चार युवकों ने शनिदेव धाम के लिए उसके टेंपो को किराए पर लिया। जब वे लोग कोसीकलां पहुंचे तभी उन्होंने अपने एक साथी को बुखरारी से लाने के बहाने रोहताश को मारपीट कर टेंपो, मोबाइल छीनकर भाग गए। इंस्पेक्टर प्रमोद पंवार ने बताया कि शनिवार की रात्रि में गोपालबाग बगीची के समीप से चार युवकों को पकड़कर उनके कब्जे से चाबी का गुच्छा, चार चाकू, एक आला नकब, दो प्लास और लूटा गया टेंपो एवं मोबाइल बरामद किया गया है।
पूछताछ में उन्होंने लूट की घटना को स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने अपने नाम जयवीर पुत्र राजवीर, रवि पुत्र ओमवीर निवासीगण गांव बंचारी, पलवल हरियाणा एवं राम पुत्र सोहनलाल, चंचल पुत्र प्रेमचंद्र निवासीगण गोपाल बाग बताया। पुलिस ने सभी का चालान कर दिया।