17एमएनपी-26-भोगांव के मोहल्ला जौहरी में लूट के बाद फैला पड़ा सामान
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी/भोगांव। लुटेरे जेवर के साथ-साथ गरिमा के सुहाग की निशानी मंगलसूत्र भी लूट ले गए। वह मंगलसूत्र न ले जाने के लिए लुटेरों से गुहार लगाती रहीं, लेकिन लुटेरों ने उसकी एक नहीं सुनी। कस्बे के प्रमुख व्यापारी स्व. रामबाबू शर्मा के यहां हुई लूट की वारदात से स्थानीय व्यापारियों में भी आक्रोश है।
रामबाबू शर्मा की नगर में जनरल स्टोर की दुकान थी। 20 जनवरी 2018 को रामबाबू शर्मा की मृत्यु हो गई। 25 अप्रैल 2018 को उनके बेटे विपिन शर्मा की भी मृत्यु हो गई। घर में गरिमा शर्मा अपनी सास आशा देवी और एक बेटा और दो बेटियों के साथ रहती हैं। लुटेरे घर से 18 लाख रुपये के जेवर लूट ले गए। जेवर में गरिमा का मंगलसूत्र भी शामिल है। पति की मृत्यु के बाद से ही वह मंगलसूत्र को संभालकर रखे हुए थीं। गरिमा ने मंगलसूत्र न ले जाने के लिए लुटेरों की मिन्नत की लेकिन लुटेरे रोकने-टोकने पर बेटे को जान से मारने की धमकी देते रहे। लुटेरों के जाने के बाद गरिमा व उनकी सास का रो-रो का बुरा हाल है।
यह सामान लूट ले गए लुटेरे
गरिमा शर्मा ने पुलिस को बताया कि लुटेरे घर में रखे 40 हजार रुपये लूट ले गए। इसके साथ ही सोने के गले का हार, मंगलसूत्र, कंठीमाला, दो चेन बड़ी, एक चेन बच्ची की, दो अंगूठी बच्चों की, दस अंगूठी बड़ी, तीन जोड़ी कानो के टॉप्स, एक जोड़ी डायमंड का सेट, एक जोड़ी कुंडल, चार जोड़ी चांदी की पायलें, 10 सिक्के चांदी के कीमत करीब 18 लाख लूट ले गए।
दहशत में आ गए बच्चे
लुटेरों के हाथों में तमंचा देखकर घर में मौजूद सास-बहू के साथ ही बेटी शिवांगी, खुशी और बेटा सक्षम दहशत में आ गए। लोगों का कहना है कि लुटेरों को पता था कि घर में सिर्फ महिलाएं रहती हैं। इसीलिए उन्होंने वारदात को दिनदहाड़े अंजाम दिया।