मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी का ऑफिस
- फोटो : अमर उजाला
आगरा कमला नगर स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन फाइनेंस कंपनी से 17 जुलाई को हुई लूट के तार एटा से जुड़ गए हैं। करोड़ों रुपये के इस लूटकांड को लेकर आगरा की एसओजी ने शहर में छापा मारा। रविवार को बाबूगंज के दो सराफा कारोबारियों को टीम आगरा ले गई है।
मणप्पुरम गोल्ड फाइनेंस कंपनी से लूटा गया सोना एटा में बेचे जाने की जानकारी पर एसओजी आगरा की टीम एटा में शनिवार को पहुंची। पुलिस के हाथ कुछ सबूत मिले तो रविवार को शहर के व्यस्ततम बाजार बाबूगंज में छापा मारा। कोतवाली नगर पुलिस के साथ एसओजी ने दो सराफा कारोबारियों को उनकी दुकान से उठाया और थाने पर ले आई। वहां उनसे लंबी पूछताछ की गई। शाम करीब 4.30 बजे दोनों सराफा कारोबारियों को एसओजी अपने साथ आगरा ले गई।
आगरा एसओजी प्रभारी कुलदीप दीक्षित ने बताया कि मणप्पुरम गोल्ड लूटकांड के तार एटा से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। इसकी कड़ियां जोड़कर जांच की जा रही है। दो सराफा कारोबारियों से पूछताछ की गई है। लूट का माल खरीदने की संभावना सामने आई है। सराफ कारोबारियों के नाम गोपनीय रखे जा रहे हैं, ताकि इनके साथ मामले से जुड़े अन्य लोग सतर्क होकर भूमिगत न हो जाएं। एसओजी प्रभारी का कहना है कि दो मुख्य आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। लूटकांड में एटा के भी बदमाश शामिल होने की संभावना है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सुभाष बाबू ने बताया कि आगरा की एसओजी ने पूछताछ के लिए सराफा कारोबारियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की गई।
संबंधित खबर:
दुस्साहस: आगरा में मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में डाका,19 किलो सोना और 5.5 लाख लूटकर भागते दो बदमाश मुठभेड़ में ढेर