अति संवेदनशील ताजमहल की सुरक्षा में लापरवाही का मामला सामने आया है। यूपी के अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) विजय कुमार ने शनिवार को ताजमहल की सुरक्षा का जायजा लिया। इस दौरान उन्हें ताज के भीतरी हिस्से में कुछ सीसीटीवी कैमरे खराब मिले।
उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। दशहरा घाट पर भी बोट गश्त को निरंतर जारी रखने को कहा। तकरीबन दो घंटे तक उन्होंने ताज के हर सुरक्षा बिंदु को परखा।
एडीजी ने सुबह ताजमहल के पूर्वी गेट से निरीक्षण शुरू किया। उन्होंने दक्षिणी गेट और पश्चिमी गेटों पर सुरक्षा का जायजा लिया। दशहरा घाट पहुंचकर यमुना से ताज की सुरक्षा का जायजा लेने के बाद नाव से निरंतर निगरानी की जरूरत बताई।