आगरा और फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में प्रत्याशियों के नामांकन का खाता खुल गया है। कलक्ट्रेट में भाजपा के आगरा से प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल के अलावा फतेहपुर सीकरी से निर्दलीय रामेश्वर सिंह ने नामांकन किया। वहीं 98वीं बार चुनाव लड़ने के लिए हस्नूराम ने भी नामांकन किया।
आगरा और फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र से सोमवार को कलेक्ट्रेट में प्रत्याशियों के नामांकन का खाता खुल गया। आगरा सीट से भाजपा प्रत्याशी व केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और फतेहपुर सीकरी सीट से भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल के पुत्र डॉ. रामेश्वर सिंह ने निर्दलीय नामांकन किया।
विज्ञापन
वहीं, 98वीं बार चुनाव लड़ रहे हस्नूराम आंबेडकरी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में फतेहपुर सीकरी से नामांकन किया है। भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल ने नामांकन पत्र में करीब दस करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की गई है। 63 वर्षीय एसपी सिंह पर कोई मुकदमा नहीं। उनके नामांकन में कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, डॉ. जीएस धर्मेश व पुरुषोत्तम खंडेलवाल कलेक्ट्रेट पहुंचे। दो सेट में नामांकन दाखिल कराया।
वहीं, फतेहपुर सीकरी से रामेश्वर सिंह ने नामांकन किया। उनके साथ भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल मौजूद रहे। 50 वर्षीय रामेश्वर भी करोड़पति हैं। पति-पत्नी के पास करीब पांच करोड़ रुपये की संपत्ति है। जबकि 1.50 करोड़ का ऋण है। वहीं, पेशे से मनरेगा मजदूर फतेहपुर सीकरी से निर्दलीय प्रत्याशी हस्नूराम आंबेडकरी के पास 500 रुपये नकद हैं।
भाजपा : एसपी सिंह बघेल (आगरा)
- शिक्षा : एलएलबी, पीएचडी
- नकद : स्वयं पर 12 लाख रुपये, पत्नी पर 18 लाख रुपये
- जेवर : स्वयं पर 50 ग्राम सोना, पत्नी के पास 150 ग्राम सोना
- चल संपत्ति : स्वयं पर 1.08 करोड़ रुपये, पत्नी के पास 34.51 लाख रुपये
- अचल संपत्ति : स्वयं पर 2.67 करोड़ रुपये, पत्नी के पास 5.99 करोड़ रुपये
- हथियार : स्वयं पर एक रायफल 315 बोर, एक रिवाॅल्वर 32 बोर
- आपराधिक इतिहास : कोई मुकदमा नहीं
निर्दलीय : डाॅ. रामेश्वर सिंह (फतेहपुर सीकरी)
- शिक्षा : एलएलबी, पीएचडी
- नकद : स्वयं पर 8.90 लाख रुपये, पत्नी पर 3.40 लाख रुपये
- जेवर : स्वयं पर 200 ग्राम सोना, पत्नी पर 400 ग्राम सोना
- चल संपत्ति : स्वयं पर 71.82 लाख रुपये, पत्नी के पास 33.21 लाख रुपये
- अचल संपत्ति : स्वयं पर 3.13 करोड़ रुपये, पत्नी के पास 1.73 करोड़ रुपये
- हथियार : स्वयं पर एक रायफल, एक रिवाॅल्वर, पत्नी के पास एक रिवाॅल्वर
- अपराधिक इतिहास : एक मुकदमा धारा 147, 148, 341, 332, 353, 7 सीएलए
निर्दलीय : हस्नूराम आंबेडकरी (फतेहपुर सीकरी)
- शिक्षा : घर पर ही पढ़ना व लिखना सीखा
- नकद : स्वयं पर 500 रुपये, पत्नी के पास मालूम नहीं
- जेवर : स्वयं पर शून्य, पत्नी पर शून्य
- अचल संपत्ति : स्वयं पर साढ़े नौ बीघा कृषि भूमि
- व्यवसाय : स्वयं मनरेगा मजदूर, पत्नी मजदूर
- आपराधिक इतिहास : एक मुकदमा 323, 504 आईपीसी
नामांकनपत्रों की बिक्री रिपोर्ट - 15 अप्रैल
आगरा : चार नामांकन पत्र बिके
- सुरेश चंद कर्दम : समाजवादी पार्टी
- आराम सिंह : पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक
- सर्वेश कुमार : भारतीय मजदूर जनता पार्टी
- कुलदीप कुमार : भारतीय किसान परिवर्तन पार्टी
फतेहपुर सीकरी : पांच नामांकन पत्र बिके
- सुजान सिंह : पीस पार्टी
- हीरा सिंह : निर्दलीय
- सुनील कुमार : निर्दलीय
- अर्जुन सिंह : निर्दलीय
- सतीश कुमार : निर्दलीय