मैनपुरी के चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में दूसरी ईवीएम लगाते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी करने के लिए मतदाताओं में गजब का उत्साह दिखाई दिया, लेकिन उनके इस उत्साह को खराब ईवीएम (इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन) ने किरकिरा कर दिया। एटा-कासगंज, फिरोजाबाद और मैनपुरी के कई बूथों पर मतदान शुरू होते ही ईवीएम खराब हो गई। कुछ बूथों आठ बजे तक मतदान शुरू नहीं हो सका।
सुबह मतदान केंद्रों पर लगी लाइन में मतदाता अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। लेकिन जैसे ही वो ईवीएम तक पहुंचे तो वहां उनका वोट नहीं पड़ सका। एटा-कासगंज के कई मतदान केंद्रों के बूथों पर ईवीएम खराब हो गईं, हालांकि बाद में दूसरी ईवीएम लगाई गईं। इस दौरान करीब 20 मिनट तक मतदान प्रभावित हुआ।
मंगलवार को सुबह-सुबह उत्साह से मतदान करने पहुंचे मतदाताओं को ईवीएम ने दगा दिया। एटा के बूथ संख्या 59 लक्ष्मीनगर इंटर कॉलेज, बूथ संख्या दो आर्य इंटर कॉलेज बूथ संख्या 95 प्राथमिक विद्यालय सकीट पर ईवीएम खराब हो गईं।
एटा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 298 सहसपुर, 299 गढ़ी बरोरा, 199 घुमरिया , 222 रिजोर और विधानसभा क्षेत्र मारहरा के बूथ संख्या 289, 323 मरथरा पर साढ़े आठ बजे तक मतदान शुरू नहीं हो सकी। ईवीएम खराब होने से मतदान बाधित रहा। सपा नेताओ ने मतदान मेँ देरी करने का आरोप लगाया।
फिरोजाबाद के परिषदीय स्कूल टूंडला के बूथ संख्या 162 पर एक घंटे से ईवीएम खराब रही। काफी देर बाद दूसरी ईवीएम लगाई गई तो मतदान दोबारा शुरू हुआ। इस दौरान कुछ मतदाता बिना मतदान के ही चले गए। यही हाल थाना पचोखरा क्षेत्र के नगला ढाक में बने बूथ संख्या 52 का रहा।
मैनपुरी के चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में बने पोलिंग बूथ 206 में मतदान शुरू होने के बाद ईवीएम खराब हो गई। इससे मतदान प्रभावित हो गया। बूथ के बाहर कतार में लगे मतदाताओं को मतदान के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
कासगंज में भी ईवीएम के खराब होने की सूचनाएं मिली। प्राथमिक विद्यालय नवाब तरोरा और नगर पालिका मतदान केंद्र पर ईवीएम खराब होने से करीब पंद्रह मिनट मतदान रुका रहा। इसी तरह बूथ संख्या 379 रेलवे बूथ पर भी ईवीएम खराब हो गई।
यहां भी मतदान प्रक्रिया काफी देर तक प्रभावित रही। हालांकि बाद में खराब ईवीएम को बदलवाकर फिर से मतदान शुरू कराया गया। ईवीएम खराब होने के दौरान लाइन में लगे मतदाता परेशान होने लगे। उन्होंने विरोध जताकर जल्द ईवीएम दुरुस्त कराने का दबाव बनाया।