आगरा मंडल की तीन लोकसभा सीट आगरा, फतेहपुर सीकरी और मथुरा के लिए दूसरे चरण में 18 अप्रैल मतदान को होगा। मतदान वाले दिन बड़ा सहालग है। एक ओर चुनावी ढोल और नगाड़े बज रहे होंगे तो दूसरी ओर बैंड, बाजा और बारात का दौर चलेगा। ऐसे में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के लिए बड़ी मुश्किल होने वाली है।
चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक लोकसभा चुनाव सात चरण में होंगे। 11 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा। दूसरे चरण में 18 अप्रैल, तीसरे चरण में 23 अप्रैल, चौथे चरण में 29 अप्रैल, पांचवें चरण में 6 मई, छठे चरण में 12 मई और सातवें चरण में 19 मई को मतदान होगा। 23 मई को मतगणना होगी।
ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि मतदान के दिनों में जबरदस्त सहालग भी रहेगा। होलिका अष्टक समाप्त होने के बाद अप्रैल माह में 16 अप्रैल से सहालग प्रारंभ हो जाएगा। अप्रैल में 22 अप्रैल तक और उसके बाद सात मई से 30 मई तक सहालग चलेगा।
सात मई को अक्षय तृतीय है। इस दिन अनसूझा सहालग होता है। लिहाजा इस दिन बड़ी संख्या में शादी समारोह होंगे। न केवल निजी समारोह होंगे बल्कि सामूहिक विवाह समारोहों की भी धूम रहेगी। आगरा, फतेहपुर सीकरी, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़ लोकसभा में मतदान 18 को होगा।
इन दिनों में पड़ेगा सहालग
ज्योतिषाचार्य आचार्य डॉ. हरिगोपाल शर्मा के मुताबिक अप्रैल माह में 16 अप्रैल, 17, 18, 19, 20, 22 को सहालग है। मई माह में छह मई, सात, 12, 13, 17, 18, 19, 28, 29, 30 मई को सहालग है। सात मई अक्षय तृतीया है। इस दिन बड़ा सहालग होगा।
छह अप्रैल से शुरू हो जाएंगे नवरात्र
चुनाव के प्रचार के दौरान शक्ति पर्व नवरात्र भी होंगे। छह अप्रैल (शनिवार) को नवरात्र प्रारंभ हो जाएंगे। 14 अप्रैल (रविवार) को रामनवमी का पूजन होगा। इन दिनों में धार्मिक कार्यक्रम चलेंगे। जगह-जगह जागरण होंगे। 14 अप्रैल को रामनवमी की धूम रहेगी।
प्रभावित होगी आंबेडकर जयंती
चुनाव के चलते बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जाने वाली शोभायात्रा और भीम नगरी आयोजन भी प्रभावित होगा। 14 अप्रैल को शोभायात्रा निकाली जाएगी। 15 और 16 अप्रैल को भीम नगरी का आयोजन होगा। यही नहीं छह अप्रैल को सिंधी समाज की ओर सिंधु नगरी आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों से राजनीतिक दल दूरी बनाकर ही रहेंगे।