कासगंज में फ्लैग मार्च करते सेना और पुलिस के जवान
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज जिले में मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों ने बूथों पर मोर्चा संभाल लिया है। बूथों के अलावा 11 स्तरों पर तैनात किया गया फोर्स हर 11 मिनट में बूथों तक पहुंचेगा।
एटा संसदीय क्षेत्र में आने वाले कासगंज जिले में मंगलवार को मतदान होना है। यहां मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नौ हजार सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं। पैरामिलिट्री और गैर जिलों से आए फोर्स को बूथों तक तैनात कर दिया गया है।
इसके अलावा पुलिस ने डीएम, एसपी, जोनल, मजिस्ट्रेट, सेक्टर, एडीएम, एएसपी, एसडीएम, सीओ सहित 11 स्तरों पर मोबाइल टीमें लगाई हैं। अधिकारियों के काफिले में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान कड़ी निगरानी करेंगे।
गैर जिलों से आए 135 उपनिरीक्षक, 185 हैड कांस्टेबल, 166 कांस्टेबल, 2764 होमगार्ड को भी बूथों से लेकर मोबाइल टीमों तक तैनाती दे दी गई है। पुलिस ने ऐसा तैयारी की है कि कोई न कोई टीम 11 मिनट के अंतराल से बूथ तक पहुंचती रहेगी। यदि कहीं से किसी विवाद की सूचना मिलती है तो तत्काल पुलिस मौके पर पहुंचेगी। पूरा सुरक्षा खाका पुलिस ने खींच लिया है।