अगर दिल पर कोई बात लग जाए तो आदमी कुछ भी कर सकता। आगरा के खेरागढ़ निवासी हसनुराम अंबेडकरी इसका जीता जागता उदाहरण हैं। हसनुराम अब तक 86 चुनावों में पर्चा भर चुके हैं। इस बार भी लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
हसनुराम ने नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन मंगलवार को कलेक्ट्रेट आकर पर्चा खरीद लिया है। यह उनका 87वां चुनाव होगा, जिसके लिए वो नामांकन दाखिल करेंगे। वार्ड मेंबर से लेकर राष्ट्रपति तक के चुनाव में हसनुराम नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
फतेहपुर सीकरी से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए नामांकन पत्र खरीदने वाले हसनुराम कोई अमीर व्यक्ति नहीं बल्कि मनरेगा मजदूर हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में इन्होंने बिना बैनर पोस्टर के प्रचार किया। इस बार घर घर जाकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं।