एटा लोक सभा क्षेत्र में आज गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन की अंतिम तिथि 4 अप्रैल रहेगी। कलक्ट्रेट परिसर को नामांकन प्रक्रिया के लिए दुल्हन की तरह सजाया गया है। जहां एक ओर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का पहरा नजर आ रहा है।
वहीं नामांकन कक्ष और उसके बाहर उत्सव जैसी साज-सज्जा है। तिरंगे रंग के गुब्बारे नामांकन कक्ष और परिसर में लगाए गए हैं। वहीं फूल मालाओं से सज्जा की गई है। फुलबारी के गमले भी जगह जगह लगाए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया लोकतंत्र का महोत्सव है। महोत्सव के थीम पर ही एटा लोकसभा का चुनाव संपन्न कराया जाएगा। मतदाता भी इस चुनाव को महोत्सव मानकर पूरे उत्साह के साथ मतदान करेंगे।
इसके लिए मतदाता जागरूकता अभियान निरंतर जारी है। नगर के चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता के लिए सुंदर पेंटिंग बनाई गईं हैं।