फतेहपुर सीकरी के मैदान में भाजपा का राज बरकरार है। यहां से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर ने करीब 4.91 लाख रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की। राजकुमार को 662794 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी राज बब्बर 170822 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे, वहीं गठबंधन के बसपा प्रत्याशी श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित को 167517 मत प्राप्त हुए।
आगरा सीट पर भी भाजपा का झंडा लहराया। आगरा से भाजपा प्रत्याशी एसपा सिंह बघेल जीते। बघेल ने दो लाख से ज्यादा मतों से अपने प्रतिद्वंदी बसपा के मनोज सोनी को हराया। एसपी सिंह बघेल को 645425 वोट मिले, वहीं मनोज सोनी 434500 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस की प्रीता हरित को महज 44823 वोट ही मिल पाए।
एटा लोकसभा सीट पर 1.24 लाख वोटों से भाजपा के राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया जीते। भाजपा को 54.94 प्रतिशत वोट मिले, जबकि गठबंधन के सपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह यादव को 41.9 प्रतिशत मत हासिल हुए हैं।
सबसे चौंकाने वाले नतीजे मैनपुरी लोकसभा सीट पर आए हैं। भले ही यहां सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव जीत गए हों, लेकिन भाजपा के प्रेम सिंह शाक्य ने कड़ी टक्कर दी। मुलायम की जीत का अंतर एक लाख तक नहीं पहुंचा।