अंतर विभागीय रेलवे क्रिकेट प्रतियोगिता
आगरा। छावनी के गोवर्धन स्टेडियम में चौथे डीआरएम कप अंतर विभागीय रेलवे क्रिकेट प्रतियोगिता के दो सेमीफाइनल मैच खेले गए। लोको विभाग और परिचालन विभाग ने मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। सोमवार को दोपहर 12 बजे फाइनल मैच खेला जाएगा।
पहला सेमीफाइनल मैच लोको विभाग एवं वाणिज्य विभाग के मध्य खेला गया। लोको विभाग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की। वाणिज्य विभाग ने 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 178 रन बनाए। बल्लेबाज दिनेश पवार ने 64 एवं राजेश गुप्ता ने 50 रनों का योगदान दिया। जवाब में उतरी लोको विभाग की टीम ने मात्र 17.1 ओवरों में 2 विकेट खोकर इस मैच को 8 विकेट से अपने नाम कर लिया। मैन ऑफ द मैच कौशल शर्मा रहे। उन्होंने 58 गेंदों में 15 चौके एवं 5 छक्के की मदद से नाबाद 114 रन बनाए। उन्हें वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी एवं मंडल खेलकूद अधिकारी सनत जैन, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (ओपी) आगरा पवन जयंत एवं सुकेश यादव मंडल सचिव एनसीआरएमयू ने पुरस्कार प्रदान किया।
दूसरा सेमीफाइनल मैच परिचालन विभाग एवं टीआरडी विभाग के मध्य खेला गया। परिचालन विभाग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। परिचालन विभाग की टीम ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 166 रन बनाए। तेज बहादुर ने सर्वाधिक 41 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य के जवाब में उतरी टीआरडी विभाग की टीम 15.4 ओवरों में मात्र 104 रन ही बना सकी। परिचालन विभाग ने यह मैच 62 रनों से अपने नाम कर लिया। मैन ऑफ द मैच शिवम पाठक रहे। उन्होंने 3.4 ओवरों में 27 रन देकर 5 विकेट लिए। उन्हें वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक कुलदीप मीना, रेलवे मजिस्ट्रेट अमन कुमार ने पुरस्कार प्रदान किया।
मैच के दौरान रजत पुरवार, धीरज शर्मा, देवेंद्र प्रताप झा, कौशल शर्मा, देवेंद्र शाक्य, शशांक जैन, अजीत सिंह, प्रणवेंद्र, रवि कसाना, संदीप शुक्ला आदि मौजूद रहे।