आगरा में अब दवा की थोक दुकानें भी रोजाना खुलेंगी। जिला प्रशासन ने दवा व्यापारियों की परेशानी को देखते हुए सम-विषम फार्मूला खत्म कर दिया है। दवा विक्रेताओं को होम डिलीवरी पर ज्यादा जोर देने को कहा है।
दुकानों पर भीड़ न जुटे और लोगों के बीच में एक मीटर की दूरी का पालन करने का सख्त हिदायत दी है। सम तारीख में दवा की फुटकर और विषम तिथि में दवा की थोक दुकानें खोलने का फार्मूला बनाया था, लेकिन अब थोक और फुटकर की दुकानें रोज खोली जाएंगी।
जिला प्रशासन ने शुक्रवार को फुटकर दुकानों को रोज खोलने के निर्देश दिए थे, अब रविवार से थोक की दुकानें सुबह 11 से शाम छह बजे तक खोली जाएंगी। ड्रग इंस्पेक्टर जुनाब अली ने बताया कि दुकानों पर एक मीटर नियम का पालन नहीं होता मिला तो संचालक पर कार्रवाई तय है।
आगरा फार्मा एसोसिएशन के महामंत्री महेश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी पुनीत कालरा, आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष शर्मा, आशीष ब्रह्मभट्ट और आगरा जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष शू शर्मा ने सभी विक्रेताओं को जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।