आगरा में निजी स्कूलों ने छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पढ़ाना शुरू कर दिया है। स्कूल के एप, फेसबुक व व्हाट्स एप के माध्यम से पाठ्य सामग्री विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही है। शिक्षक विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। स्कूल लाइव कक्षाओं के संचालन की ओर भी तेजी से बढ़ रहे हैं। जिससे छात्र-छात्राओं को कक्षा में पढ़ाई का अनुभव मिल सके।
सोमवार से होली पब्लिक स्कूल ने भी लाइव कक्षाएं लगानी शुरू कर दी। विद्यार्थियों को घर बैठे ऑनलाइन पढ़ाई भा रही है। सिकंदरा स्थित शाखा में कक्षा 12 कॉमर्स में पंजीकृत 58 में से 52 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पढ़ाई की। कक्षा 10 के 54 में से 46 विद्यार्थी व कक्षा नौ के 60 में से 45 और कक्षा छह के 45 में से 30 विद्यार्थियों को शिक्षकों ने सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक जूम गूगल के माध्यम से पढ़ाया।
कक्षा 12 की कॉमर्स की छात्रा खुशी गोयल के मुताबिक शैक्षणिक सत्र 2020-21 में बोर्ड परीक्षा देनी है, स्कूल बंद होने से पढ़ाई की चिंता लगी थी, इसमें ऑनलाइन पढ़ाई से राहत मिली है। कक्षा 12 विज्ञान विषय की छात्रा हंशुल पचौरी का कहना है कि अपने आप पढ़ाई करने में दिक्कत आ रही थी, अब शिक्षकों की ऑनलाइन उपलब्धता से हम अपनी समस्याओं का समाधान करा पा रहे हैं।