मैनपुरी। शहर के अधिकांश बाजार शनिवार को खुल गए। सुबह बाजार खुलते ही लोगों की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई। इसकी जानकारी होते ही बाजार पहुंची पुलिस ने दुकानदारों और ग्राहकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
व्यापार मंडल और प्रशासन के बीच बनी सहमति के बाद शहर के अधिकांश बाजारों को साइड सिस्टम से खोला गया है। शनिवार को शहर के अधिकांश बाजार साइड सिस्टम से ही खुले। बाजार में दुकानें खुलते ही सुबह से ही शहर और देहात से खरीदारी करने करने के लिए आए लोग दुकानों पर पहुंचने लगे। बाजार में खरीदारों के आने से चहल-पहल नजर आई। दुकानदारों ने प्रशासन द्वारा दी गई हिदायत के अनुसार सामान की बिक्री शुरू की। एसडीएम सदर रजनीकांत, सीओ सिटी अभय नरायन राय, इंसपेक्टर कोतवाली भानूप्रताप सिंह ने दुकानों का निरीक्षण किया। दुकानों केे बाहर खड़े दुकानदारों और खरीदारों के वाहनों को बंद साइड की तरफ खड़े कराए गए।
नियम नहीं माने तो होगा चालान
बाजार पहुंचे एसडीएम सदर रजनीकांत ने दुकानदारों को साफ तौर पर चेतावनी दी। एसडीएम ने कहा जो दुकानदार नियम नहीं मानेगा तो पुलिस चालान करेगी। दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके दुकान भी सील की जा सकती है। सभी का मास्क लगाना, सामाजिक दूरी का पालन करना जरूरी है।
क्रिश्चियन तिराहे पर लगाया बैरियर
मैनपुरी। बाजार में खरीदारी के लिए वाहनों से पहुंचने वाले लोगों को रोकने के लिए पुलिस ने सुबह से ही क्रिश्चियन तिराहे पर बैरियर लगा दिया। चार पहिया वाहनों को बाजार के अंदर नहीं जाने दिया गया। बिना मास्क लगाए दो पहिया वाहन चालकों को बैरियर से ही लौटा दिया गया।