23एमएनपी-10-शहर के स्टेशन रोड अबध नगर की एक गली में अवरोधकों के बीच से निकलती एक महिला
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। शहर के मोहल्ला वंशीगोहरा में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद एक किलोमीटर इलाके को हॉटस्पॉट घोषित करते हुए सील किया गया है। कोरोना के संकट के बीच इस इलाके के कुछ लोगों को न तो अपनी चिंता है न ही दूसरों की। तभी तो जिला प्रशासन की ओर से लगाए गए बैरियर को तोड़कर बाहर निकल रहे हैं।
स्टेशन रोड- मोहल्ला अबधनगर
बंशीगोहरा से सटे मोहल्ला अबध नगर को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। इसकी सारी गलियां बंशीगोहरा से जुड़ी हु़ई हैं। जिला प्रशासन ने सभी गलियों को पूरी तरह से बैरियर आदि लगाकर बंद किया हुआ है। दोपहर 11:40 बजे अबधनगर की गली से अवरोधकों को उठाकर लोग आते-जाते नजर आए जबकि पास में पुलिस तैनात है। बावजूद इसके लोग अवरोधकों को हटाकर बाहर निकल रहे थे और अंदर भी जा रहे थे।
स्टेशन बाईपास रोड- मोहल्ला बंशीगोहरा को जाने वाली गली
यहां आइडिया कार्यालय के पास से जाने वाली गली को प्रशासन ने अवरोधक लगाकर बंद कर दिया है लेकिन यहां से लोगों का आना जाना जारी है। दोपहर 12 बजे बाइक सवार अवरोधक को हटाकर यहां से अपनी बाइकों को निकालते नजर आए। यहां आसपास पुलिस भी तैनात नहीं थी।
आगरा बाईपास रोड -कृष्णानगर के सामने बंशीगोहरा को जाने वाली गली
यहां गली के पास ही होमगार्ड की तैनात है। नगर पालिका के कूड़ादान लगाकर गली को बंद किया गया था। इसके बाद भी लोग अवरोधकों को हटाकर आराम से आ जा रहे हैं। दोपहर 12.15 बजे यहां दोपहिया वाहन चालक ही नहीं चारपहिया वाहन चालक भी बाहर आ जा रहे थे।
करहल रोड-बंशीगोहरा को जाने वाली गली
यहां प्रशासन ने गली को अवरोधक लगाकर बंद कर पुलिसबल भी तैनात किया है, लेकिन इस गली में लोग जबरन दोपहर 12:30 बजे अवरोधक को हटाकर बाहर आ जा रहे थे। कई लोग अपने घरों के बाहर गली में ही बैठे हुए थे।