कासगंज। लॉकडाउन के 17 दिन पूरे हो चुके हैं। जिले में लॉकडाउन सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। अब तक जिले में कुल 22 प्राथमिकी दर्ज की गईं और 74 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 74 वाहन सीज करके 1.38 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है।
पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि लॉकडाउन का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पूरे जिले को 29 सेक्टर में बांटा गया। 12 जोन बनाए हैं और 3 सुपर जोन बनाकर निगरानी की जा रही है। हर स्तर पर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गईं। पूरे जिले में पब्लिक एडरेस सिस्टम नगरीय इलाकों में स्थापित किया गया। जहां से लोगों को घर में रहने की बार-बार अपील की जा रही हैं।
प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता लॉकडाउन का पालन सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन का उल्लघंन करने के मामले में 74 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जो बेवजह अपने घरों से निकलकर घूम रहे थे। इसी तरह से 74 वाहन सीज करके 1.38 लाख का जुर्माना वसूल किया गया। उन्होंने बताया कि जिले की सभी सीमाओं पर कड़ी चौकसी और निगरानी है। जहां से प्रवेश प्रतिबंधित है। केवल आपात स्थिति में पास धारक ही आ जा सकते हैं।