टूंडला में मैनरोड से गली में जाने वाले रोड को बंदकर तैनात पुलिसकर्मी
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। टूंडला के गांव प्रतापपुर में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद वृहस्पतिवार देर रात प्रतापपुर व उसके एक किमी परिक्षेत्र को सील कर दिया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने ग्रामीणों की जांच करते हुए उन्हें घरों में ही एकांतवास में किया है। साथ ही पुलिस ने गांव को रास्ते पर बैरीकेडिंग कर गांव में आने जाने वालों पर रोक लगा दी है।
तहसील के गांव प्रतापपुर निवासी एक युवक आगरा के एक हॉस्पीटल में कार्यरत है। वह गांव से प्रतिदिन अपडाउन कर नौकरी कर रहा था। चार दिन पूर्व हॉस्पीटल के अन्य स्टाफ के साथ उसकी जांच के लिए सैंपल लिया गया था। गत बुधवार को जांच रिपोर्ट आयी तो वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसके साथ ही फिरोजाबाद प्रशासन को अवगत कराया गया। युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया था। तत्काल ही गांव में सीएचसी से स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची थी। टीम ने गांव को सैनिटाइज करते हुए अस्पतालकर्मी के परिवार में मां, पत्नी, बेटे एवं बेटी सहित पांच सदस्यों को जिला अस्पताल में एकांतवास किया है। इसके साथ ही उसके संपर्क में आए 29 लोगों को भी फिरोजाबाद ले जाकर देर रात एकांतवास किया था। जहां सभी के सैंपल लिए गए हैं।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीमें गांव पहुंची तथा टीमों ने गांव के सभी लोगों की जांच की। इसके साथ ही उन्हें घरों में ही एकांतवास में कर दिया। वहीं एसडीएम केपी सिंह राना के निर्देश पर थाना पचोखरा के थानाध्यक्ष संजय सिंह ने गांव के रास्ते पर बल्ली आदि लगाकर सील कर दिया। गांव के एक किमी परिधि के बाहर पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। ताकि गांव से कोई बाहर या गांव में कोई अंदर आ जा न सके। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि अस्पतालकर्मी के परिवार की देर शाम तक रिपोर्ट आने की संभावना है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।