आगरा के कोठी मीना बाजार मैदान पर 4 नवंबर तक चलने वाले दस दिवसीय आगरा महोत्सव का शुक्रवार शाम को नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने उदघाटन किया। महोत्सव में आगरा और देश भर के शहरों के कुटीर और लघु उद्योगों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
एससी आयोग चेयरमैन सांसद रामशंकर कठेरिया और मेयर नवीन जैन की मौजूदगी में हुए उदघाटन के बाद नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि मेले हमारी परंपरा का हिस्सा हैं। संयोजक राकेश गर्ग, परियोजना समन्वयक मनीष अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव में भदोही का कारपेट, खुर्जा की क्राकरी, सहारनपुर का फर्नीचर, पानीपत का हैंडलूम, राजस्थान की जूती, नमकीन, उज्जवला योजना के स्टॉल प्रमुख होंगे।
हरियाणा, जम्मू कश्मीर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गोवा और हिमाचल प्रदेश के व्यापारी अपने उत्पादों को लेकर आए हैं। उदघाटन के बाद नृत्य ज्योति कथक केंद्र के बच्चों ने ज्योति खंडेलवाल के निर्देशन में रंगारंग प्रस्तुति दी। गोवा राज्य संस्कृति विभाग द्वारा गोवा के लोकनृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं। थियेटर क्रिएशन ग्रुप ने मैं जन्म लूंगी लघु नाटिका का मंचन किया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश बघेल, विधायक जगन प्रसाद गर्ग, उदयभान सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, प्रमोद गुप्ता, शरद चौहान, सीए सर्वेश वाजपेयी, विजय सामा, राम शर्मा आदि मौजूद रहे।
भारत केसरी कुश्ती 29 से
आगरा महोत्सव में भारत केसरी कुश्ती का आयोजन आज से 29 अक्तूबर तक जीआईसी मैदान पर किया जाएगा। शनिवार शाम चार बजे उदघाटन किया जाएगा।