गर्मी में बढ़ रहा लोड, प्रतिदिन हो रहे फॉल्ट
भीषण गर्मी में बिजली संकट से परेशान हो रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। गर्मी में लगातार बढ़ रहे लोड से विद्युत आपूर्ति की हालत डांवाडोल होती जा रही है। आए दिन होने वाले फाल्ट के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। फाल्ट सही करने के नाम पर दो से तीन घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है। गर्मी में होने वाली बिजली कटौती से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही लगभग सभी ट्रांसफॉर्मरों पर लोड दोगुना तक बढ़ता जा रहा है। रविवार को आवास विकास के सेक्टर चार के ट्रांसफॉर्मर को औचक चेक किया गया तो ट्रांसफार्मर का लोड 389 एंपियर तक मिला। जबकि इस ट्रांसफॉर्मर का अमूनन लोड 200 से 220 एंपियर ही रहता है। दो दिन पहले पावर हाउस के मुख्य ट्रांसफार्मर का लोड भी बढ़कर 325 एंपियर तक पहुंच गया था।
गर्मी में लगातार बढ़ रहे लोड से होने वाले फाल्ट के कारण लोगों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। जैसे-जैसे तापमान में पारा बढ़ रहा है। वैसे-वैसे ट्रांसफार्मर पर लोड भी बढ़ता जा रहा है। ट्रांसफॉर्मर पर बढ़ रहे लोड से लगातार फॉल्ट बढ़ रहे हैं। गर्मी मेंं लगातार हो रहे फॉल्ट लोगों के लिए परेशानी बन चुके हैं।
गर्मी में आम तौर पर लोड बढ़ जाता है। ट्रांसफॉर्मर पर बढ़ रहे लोड को कम करने के लिए बिजली चेकिंग कराई जा रही है। बिजली चोरी रोकने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।
रवि प्रताप, अधीक्षण अभियंता