फिरोजाबाद में थाना टूंडला के गांव अलीनगर कैंजरा में बंदर के कारण एक एलकेजी के छात्र की जान चली गई। मासूम छात्र अपने स्कूल में टॉयलेट के लिए गया था। इसी दौरान हादसा हो गया। मामले में स्कूल प्रशासन की लापरवाही भी सामने आ रही है।
बताया गया है कि थाना टूंडला के गांव अलीनगर कैंजरा निवासी पवनेश यादव का पुत्र प्रिन्स (6) अलीनगर कैंजरा स्थित संत शिवानंद उच्च प्राथमिक विद्यालय में एलकेजी का छात्र था। रोजना की भांति वह गुरुवार को भी इसी स्कूल में पढ़ रहे अपने भाई के साथ स्कूल आया था।
स्कूल के कर्मचारियों का कहना है कि सुबह करीब 7:30 बजे प्रिन्स क्लास से टॉयलेट करने के लिए गया था। वह टॉयलेट करके बाहर आ ही रहा था कि स्कूल में लगे एक पेड़ से एक बन्दर ने टॉयलेट के पास वाली दीवार पर छलांग लगा दी।
दीवार कमजोर होने के कारण बंदर के एक झटके में ही गिर गई। प्रिंस इस दीवार के मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूल प्रशासन घायल बच्चे को उपचार के लिए ले जा पाता उससे पहले उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्कूल के प्रिंसिपल और स्टाफ 100 नंबर पर हादसे की सूचना देकर भाग गए।
मौके पर पहुची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद स्कूल प्रशासन की लापरवाही से बच्चे के परिवारीजनों में भरी आक्रोश है। खबर लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।