आगरा। शमसाबाद रोड स्थित श्यामो मोड़ मैदान पर सोमवार को आगरा जिला फुटबॉल लीग अंडर-14 का रोमांचक आगाज हुआ। उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ और आगरा रीजन फुटबॉल संघ की ओर से आयोजित इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि राष्ट्रीय दिव्यांग संघ के अध्यक्ष विजय सिंह लोधी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खेलों को बढ़ावा देने की अपील की। लीग के पहले दिन चार कड़े मुकाबले खेले गए। पहले मैच में श्यामो विलेजर फुटबॉल क्लब ने यूनाइटेड फुटबॉल क्लब को 3-0 से हराया। दूसरे में ग्रोइंग स्टार ने एकलव्य फुटबॉल क्लब को 2-0 से शिकस्त दी। तीसरे मैच में एकास्टिन फुटबॉल क्लब ने कड़े मुकाबले में एमिफ्स फुटबॉल को 2-1 से मात दी। चौथे मैच में श्यामो फुटबॉल क्लब-2 और आगरा फुटबॉल एकेडमी का मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा। इस दौरान जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष बिल्लू चौहान, राजपाल सिंह और टूर्नामेंट सचिव मोनू भी मौजूद रहे।